उत्तर बस्तर कांकेर,(CITY HOT NEWS)//
जिले के रोफरा-ग्राम खमढोड़गी में शुक्रवार 15 मई को ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई। विधायक श्री आशाराम नेताम ने महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बनाए गए व्यावसायिक भवन तथा जलाशय में नौका विहार एवं एटीव्ही बाइक का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, ग्राम पंचायत कोकपुर की सरपंच श्रीमती निशा दुग्गा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि खमढोड़गी गांव को एक आदर्श एवं मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। गांव के विकास के लिए जिन संसाधनों की आवश्यकता होगी, उसे उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। ग्राम खमढोड़गी में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे गांव के लोगों की सामूहिक सहभागिता, एकजुटता और ग्राम सभा की सक्रिय भूमिका के कारण संभव हो पा रहे हैं। गांव के लोगों ने जिस प्रकार अपनी संस्कृति, स्वच्छता और सामाजिक एकता को बनाए रखा है, वह अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। आने वाले समय में अन्य ग्रामों के लोग भी यहां आकर गांव की व्यवस्था, संस्कृति, स्वच्छता तथा जंगल, जल और जमीन से जुड़े प्रबंधन को समझेंगे और अपने गांवों में भी उसे अपनाने का प्रयास करेंगे। विधायक श्री नेताम द्वारा एटीव्ही बाइक का भी शुभारंभ किया गया, इस वाहन से पर्यटक आसपास स्थित जंगलों का भ्रमण कर सकेंगे। इसके लिए ग्रामीणों द्वारा नेचुरल एंडवेचर टेªक का भी निर्माण किया गया है, जिसमें पृथक-पृथक पाइंट बनाए गए हैं।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने गांव की बढ़ती जिम्मेदारियों पर जोर देते हुए कहा कि शासन एवं प्रशासन द्वारा अब तक उपलब्ध कराए गए संसाधनों का सही प्रबंधन और संरक्षण गांव की प्राथमिक जिम्मेदारी है। खमढोड़गी गांव जिस प्रकार सामूहिक निर्णय, स्वच्छता, संस्कृति संरक्षण और एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है, उसी कारण यह गांव लगातार विकास की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी एवं सामूहिक सहभागिता के साथ कार्य करने की अपील की तथा जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। ग्राम सभा में लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता पर जोर देते हुए कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि ग्राम सभा की मजबूती और कोरम की नियमित पूर्ति गांव के विकास की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में गांव में होमस्टे की योजना पर भी चर्चा की गई ताकि राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक गांव की प्राकृतिक सौंदर्यता, संस्कृति और जीवनशैली का अनुभव कर सकें। इससे गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के नए अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और गांव के विकास को लेकर उनकी सोच ने यह साबित कर दिया कि खमढोड़गी आत्मनिर्भर एवं आदर्श गांव बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उल्लेखनीय है कि खमढोड़गी जलाशय के समीप महिला स्व -सहायता समूह की महिलाओं द्वारा व्यावसायिक भवन का निर्माण किया गया है, जिसमें समूह की महिलाओं द्वारा जीवकोपार्जन के लिए दुकान का संचालन भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सर्वआदिवासी समाज कांकेर के जिला अध्यक्ष श्री कन्हैया उसेंडी, डिप्टी कलेक्टर धमतरी श्रीमती कल्पना धु्रव, ग्राम सभा अध्यक्ष श्रीमती अनिता मंडावी, उप-सरपंच श्री चुनेश्वर जैन, भूतपूर्व सरपंच श्री प्यार सिंह मंडावी, जनपद पंचायत कांकेर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्विनी यादव, जल संसाधन विभाग कांकेर के एस.डी.ओ. श्री एस.आर. जाटव एवं इंजीनियर अमन अवधिया सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

