NH-30 में स्कार्पियो और ट्रैक्टर में भीषण टक्कर: स्कार्पियो सवार की मौत, एक गंभीर…

धमतरी में स्कार्पियो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर - Dainik Bhaskar

धमतरी में स्कार्पियो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर

धमतरी// छत्तीसगढ़ के धमतरी में स्कार्पियो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में स्कार्पियो सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कार्पियो में फंसे ड्राइवर को कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल स्कार्पियो के ड्राइवर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। धान से लदा ट्रैक्टर भी बुरी तरह डैमेज हो गया। हादसे में ट्रैक्टर में लदा धान सड़क पर बिखर गया। ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया। यह घटना कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डांडेसरा के पास नेशनल हाईवे 30 की है।

पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वह मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

नेशनल हाईवे 30 पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने धान से भरे जा रहे एक ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और ट्राली का पिछला टायर ट्रैक्टर समेत उखड़कर सड़क से करीब 10 फीट दूर जा गिरा।

इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।

मृतक अपने नाती को छोड़ने आया था धमतरी

बताया जा रहा है कि मृतक खिसोरा गांव निवासी मोहनलाल रात्रे अपने नाती और नातिन को उनके मामा सोनवानी के घर धमतरी के तेलिनसत्ती छोड़ने आया था। वापस लौटने के दौरान स्कॉर्पियो सीधे ट्रैक्टर से जा टकराई और ट्रैक्टर के नीचे स्कॉर्पियो दब गया। जहां पर ड्राइवर गुलशन रात्रे दबा हुआ था।

कई घंटे की मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो के ड्राइवर को बाहर निकाला गया। वहीं मोहन लाल रात्रे के शव को पंचनामा कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क का मोड़

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की स्पीड काफी ज्यादा थी और हादसा पेट्रोल टंकी के पास हुआ है। जहां पर हल्का मोड़ है। ड्राइवर हाई स्पीड होने की वजह से स्कार्पियो को कंट्रोल नहीं कर पाया। जिसके कारण यह सड़क हादसा हुआ।

Chhattisgarh