नारायणपुर : ’शिक्षा की गुणवत्ता एवं शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें- कलेक्टर नम्रता जैन’

  • ’उत्कृष्ट कार्य करने वाले संकुल समन्वयकों को किया जाएगा सम्मानित’

नारायणपुर(CITY HOT NEWS)//

कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में गत 22 जुलाई को जिला कार्यालय के सभा कक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शत-प्रतिशत नामांकन एवं विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, जिले के सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करते हुए स्कूल त्यागी बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। जिन बच्चों की पढ़ाई के लिए आश्रम-छात्रावास की आवश्यकता हो, उन्हें स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कर शिक्षा से जोड़ा जाए।
कलेक्टर ने संकुल समन्वयकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले संकुल समन्वयकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक विद्यालयों का भ्रमण कर शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यू-डाइस प्लस पोर्टल में विद्यार्थियों की प्रोफाइल अद्यतन करने एवं नवीन विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले ओरछा विकासखंड के संकुल समन्वयकों की सराहना करते हुए उन्हें सभी विकासखंडों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्कूल त्यागी एवं अप्रवेशित बच्चे का शत-प्रतिशत विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए तथा इस संबंध में प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत किया जाए कि उनके क्षेत्र में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं है।
बैठक में कलेक्टर ने विद्यालयों में विद्यार्थियों को गणवेश वितरण, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता एवं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की भी समीक्षा की। ओरछा विकासखंड के निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में गणवेश वितरण नहीं होने पर उन्होंने संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं एबीआरसी को तत्काल गणवेश वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सुधार के लिए नियमित शैक्षणिक समीक्षा, विद्यार्थियों की सीखने की प्रगति का सतत मूल्यांकन तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण कर प्रगति प्रतिवेदन आगामी समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बच्चों का सर्वांगीण विकास तथा शासन की सभी शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि दिलाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों की समीक्षा बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे, जिला मिशन समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, जिले के समस्त प्राचार्य, संकुल समन्वयक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Chhattisgarh