दूरदराज गांवों,शहरो में नेटवर्क सुधारने सांसद ज्योत्स्ना महंत ने अफसरों की ली क्लास..

दूरदराज गांवों,शहरो में नेटवर्क सुधारने सांसद ज्योत्स्ना महंत ने अफसरों की ली क्लास..

कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र के शहरी और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए सांसद ज्योत्स्ना चरणदास महंत ने दूरसंचार विभाग और बीएसएनएल के अधिकारियों के साथ बैठक की। कोरबा स्थित निवास पर हुई बैठक में रामपुर, पाली-तानाखार, कटघोरा, मरवाही और कोरिया जिले के दूरस्थ एवं इंटीरियर क्षेत्रों में नेटवर्क की स्थिति की समीक्षा की गई।
सांसद महंत ने अधिकारियों से कहा कि जिन इलाकों में मोबाइल नेटवर्क कमजोर है या पूरी तरह उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाए। जरूरत के मुताबिक नए मोबाइल टावर लगाने और मौजूदा टावरों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि आज मोबाइल नेटवर्क केवल बातचीत तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों की पढ़ाई, इलाज, बैंकिंग, रोजगार, ऑनलाइन सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच सीधे तौर पर नेटवर्क सुविधा से जुड़ी है। नेटवर्क की कमी के कारण आपात स्थिति में चिकित्सा और प्रशासनिक मदद हासिल करने में भी परेशानी होती है।
सांसद ने दूरस्थ क्षेत्रों में लगे बीएसएनएल टावरों का नियमित रखरखाव और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरबा लोकसभा क्षेत्र के आदिवासी और दूरस्थ गांवों को मजबूत एवं निर्बाध नेटवर्क से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में पूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, पूर्व विधायक मोहित राम केरकेट्टा, प्रदेश सचिव हरीश परसाई, दूरसंचार सलाहकार समिति सदस्य दिनेश सोनी, महाप्रबंधक दूरसंचार विभाग (व्यवसाय) बिलासपुर नितेश श्रीवास्तव, एजीएम गेंदराम कुशराम, कोरबा एजीएम आशीष टोप्पो, साकेत गोस्वामी, राजेश सूद और जय नारायण देवांगन सहित दूरसंचार विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

0 नेटवर्क को बताया बुनियादी जरूरत
सांसद ज्योत्स्ना महंत ने कहा कि डिजिटल दौर में बेहतर नेटवर्क ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दूरस्थ गांवों में निर्बाध कनेक्टिविटी मिलने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। उक्ताशय की जानकारी दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य व पूर्व पार्षद दिनेश सोनी ने दी !

Chhattisgarh