- रुद्री चौक से नरहरा जलप्रपात तक निकली जनजागरूकता रैली, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण
धमतरी,(CITY HOT NEWS)//
जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण तथा स्वच्छता एवं सुरक्षित पर्यटन के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा आज प्रातः मानसून बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रातः 7 बजे रुद्री चौक से प्रारंभ हुई यह रैली जिले के रमणीय प्राकृतिक पर्यटन स्थल नरहरा जलप्रपात तक पहुंची। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पर्यटन, सुरक्षित यातायात तथा जिम्मेदार नागरिक सहभागिता का प्रभावी संदेश दिया गया।
रैली में जिला प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, युवाओं, बाइक राइडर्स तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में आने वाले ग्रामों के ग्रामीणों ने रैली में शामिल प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत कर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इससे जनसहभागिता और सामुदायिक सहयोग की भावना भी परिलक्षित हुई।
नरहरा जलप्रपात परिसर पहुंचने पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
रैली के दौरान सभी बाइक चालकों ने हेलमेट पहनकर तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित एवं सुरक्षित ढंग से यात्रा की। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि पर्यटन का आनंद तभी सार्थक है, जब सुरक्षा नियमों का पालन और प्रकृति के प्रति संवेदनशील व्यवहार दोनों साथ-साथ हों।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने नरहरा जलप्रपात क्षेत्र का निरीक्षण कर आम नागरिकों एवं पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पर्यटन स्थल पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा संकेतकों, बैरिकेडिंग तथा पर्यटक सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थल जिले की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यटकों एवं आम नागरिकों से अपील की कि पर्यटन स्थलों पर जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा खतरे वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पर्यटक अपने साथ लाए गए प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के साथ आए अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर लगातार नजर रखें और जलप्रपात के समीप अतिरिक्त सावधानी बरतें।
जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों से जिले में पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित पर्यटन के प्रति लोगों में सकारात्मक चेतना का विस्तार होगा। रैली में एसडीएम श्री पियूष तिवारी सहित कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए ।

