रायपुर : सुशासन तिहार में जनसमस्याओं के समाधान के साथ मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

सुशासन तिहार में जनसमस्याओं के समाधान के साथ मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
  • अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम से जुड़ा पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य का संदेश

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम से जुड़ा पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य का संदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप प्रदेशभर में संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत गैना में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। हाई स्कूल ग्राउंड परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम से जुड़ा पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य का संदेश

शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आमजनों से संवाद कर शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लेने की अपील की। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं, पात्रता और लाभ प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और सुपोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। अधिकारियों द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां भी साझा की गईं।

सुशासन तिहार के अंतर्गत चलाए जा रहे विशेष अभियान में अब तक 3102 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 823 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं गैना में आयोजित शिविर में लगभग 375 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 215 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।

शिविर में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल, जनपद सदस्यगण, अनुविभागीय अधिकारी श्री नीरनिधि नन्देहा, जनपद पंचायत सीईओ श्री निजाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarh