महासमुंद : 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : 21 जून को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय इंडोर स्टेडियम महासमुंद में आयोजित

  • मुख्य अतिथि होंगे श्री दयाल दास बघेल
  • शासकीय एवं निजी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों
    तथा आम नागरिकों से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील
  • कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

महासमुंद(CITY HOT NEWS)//

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार 21 जून 2026 को प्रातः 7:00 बजे से 7:45 बजे तक जिलेभर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ रखी गई है।
आयुष विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय इंडोर स्टेडियम, महासमुंद (बागबाहरा रोड, शासकीय बहुदिव्यांग विशेष आवासीय विद्यालय के समीप) में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल शामिल होंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार को नोडल अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महासमुंद सुश्री अक्षा गुप्ता को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा विभागीय अमले सहित कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही कलेक्टर ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में होने वाले योग कार्यक्रमों में सुचारू क्रियान्वयन हेतु जनपद पंचायत सीईओ व नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।  उन्होंने जिले के जनसामान्य के मध्य प्रचार-प्रसार करते हुए शासकीय/स्वशासी संस्थाओं में अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित कराते हुए व्यक्ति या संस्था द्वारा पंजीयन कर कार्यक्रम के उपरांत फोटो वीडियो योग संगम पोर्टलhttps://yoga.ayush.gov.in/पर अपलोड कराने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने सभी शासकीय एवं निजी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा आम नागरिकों से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

Chhattisgarh