
कोरबा// कोरबा के सर्वमंगला चौकी थाना क्षेत्र स्थित बरमपुर चौक के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरी की तीन वारदातों को अंजाम दिया गया। एक नकाबपोश चोर ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाया। यह पूरी घटना मोबाइल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुकान के छज्जे को तोड़कर अंदर घुसा चोर
जानकारी के अनुसार, चोर ने सबसे पहले शांति मोबाइल दुकान को निशाना बनाया। उसने दुकान के छज्जे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। यहां से चोर ने लगभग 35 हजार रुपए नकद और 11 मोबाइल फोन चुरा लिए।
रविवार सुबह दुकान संचालक केशव सारथी जब दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि बाहर ताला लगा था। शटर उठाने पर छज्जा टूटा हुआ और सामान बिखरा मिला। नकदी और मोबाइल गायब देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के अन्य दुकानदार भी मौके पर पहुंचे। शांति मोबाइल दुकान के बगल में स्थित ऑटो पार्ट्स के संचालक कैलाश पटेल और राशन दुकान के संचालक कुलदीप चंद्रा ने भी अपनी दुकानें खोलीं।
ऑटो पार्ट्स दुकान का भी छज्जा टूटा हुआ मिला, जहां से चोर कुछ उपकरण ले गया। राशन दुकान का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन चोर अंदर दाखिल नहीं हो पाया।

नकाबपोश चोर छज्जे से घुसकर चोरी करते दिखा
चोरी की यह पूरी वारदात मोबाइल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक नकाबपोश चोर छज्जे के रास्ते दुकान में घुसता और नकदी व मोबाइल फोन चुराकर फरार होता दिख रहा है। एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

पुलिस ने दुकानदारों से पूछताछ की
पीड़ित दुकान संचालक केशव सारथी ने तत्काल सर्वमंगला चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, सीसीटीवी फुटेज जब्त की और दुकानदारों से पूछताछ की।
सर्वमंगला चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

