कोण्डागांव(CITY HOT NEWS)//
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में “जनजातीय गरिमा उत्सव 2026” का शुभारंभ सोमवार को कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना द्वारा किया गया। इस वर्ष उत्सव की थीम “सबसे दूर, सबसे पहले” निर्धारित की गई है। इस अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत हितग्राहियों तक शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित उन्मुखीकरण बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को कार्यक्रम की रूपरेखा एवं कार्ययोजना की जानकारी देते हुए विभागीय गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक जनजातीय हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास द्वारा 18 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम अंतर्गत प्रचार-प्रसार अभियान, लाभार्थी संतृप्ति एवं स्वास्थ्य शिविर, ट्रांसेक्ट वॉक (ग्राम भ्रमण) तथा आदि सेवा केंद्रों में जनसुनवाई जैसे विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम का आयोजन धरती आबा अभियान अंतर्गत चयनित ग्रामों में प्राथमिकता के साथ किया जाए, ताकि सुदूर अंचलों में निवासरत जनजातीय नागरिकों तक उत्सव का अधिकतम लाभ पहुंचाया जा सके।
उन्मुखीकरण बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

