
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

राज्य शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा कोंडागांव में संचालित बालिका गृह की प्रतिभावान खिलाड़ी हेमबती नाग ने चंडीगढ़ में आयोजित ओपन नेशनल जूडो प्रतियोगिता के 40 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता है। आकांक्षी जिला कोंडागांव की हेमबती ने अपने प्रदर्शन से केवल कोंडागांव ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
हेमबती नाग ने प्रतियोगिता के दौरान अपने शानदार कौशल, अनुशासन एवं दृढ़ आत्मविश्वास का परिचय देते हुए देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियाँ भी अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।
हेमबती की इस सफलता से बालिका गृह की अन्य बालिकाओं में भी खेलों के प्रति उत्साह एवं प्रेरणा का संचार हुआ है। यह उपलब्धि बालिका गृह के समर्पित प्रयासों, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा हेमबती की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। हेमबती की यह सफलता आकांक्षी जिला कोंडागांव की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

