कोरबा2// छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला जेल से चार बंदी फरार हो गए हैं। यह घटना तब हुई जब जेल में बिजली बंद थी। फरार बंदियों ने 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने में सफलता पाई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) कोरबा मौके पर पहुंचे। पुलिस जिला जेल के बाहर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
फरार बंदी पॉक्सो एक्ट और धारा 376 के आरोपी
फरार हुए बंदियों में बालको थाना से सना सिंह, रजगमार चौकी से राजा कंवर, सिविल लाइन थाना से दशरथ और श्याम थाना से चंद्रशेखर कुमार शामिल हैं। ये सभी पॉक्सो एक्ट और धारा 376 के आरोपी बताए जा रहे हैं।

कोरबा जेल से फरार बंदियों की तलाश में जुटी पुलिस
जेल में बिजली बंद थी तभी हुए फरार
जानकारी के अनुसार, जिला जेल के अंदर से किसी तार को बुकिंग कर ऊपर फेंका गया। जिस वक्त बिजली बंद थी, सभी बारी-बारी से चढ़कर दीवार कूद कर भाग गए। पुलिस ने जिले के सभी थाना-चौकियों को सूचना दे दी है।
पुलिस जिला जेल के दाहिने तरफ लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। साथ ही जेल के पीछे जंगल में भी तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने फरार बंदियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है।

जेल में बिजली गुल होते ही भाग निकले चार बंदी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि जिले के सभी थाना और चौकियों को सूचना दे दी गई है। जेल से फरार बंदियों में एक रायगढ़ और तीन कोरबा जिले के हैं। सभी बंदी पाक्सो और 376 के मामले में आरोपी हैं। वहीं उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार बंदियों की तलाश कर रही है।


