बस रोककर चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट तथा लूटपाट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार..घटना में प्रयुक्त बोलेरो जब्त..न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी…

बलरामपुर (बिलासपुर)// राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस रोककर चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट तथा लूटपाट करने के मामले में बलरामपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जून को दलधोवा घाट स्थित शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ युवकों ने मोती श्री बस को रोक लिया था। आरोपियों ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट की और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी बोलेरो वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 93/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तत्काल आसपास के सभी सरहदी थानों को अलर्ट करते हुए नाकेबंदी कराई, लेकिन आरोपी रात और जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।

विशेष टीम बनाकर शुरू की गई तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी जितेंद्र गुप्ता (30), निवासी भवानीपुर, थाना रामानुजगंज को थाना पटना, जिला एमसीबी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुला पूरा मामला

पुलिस पूछताछ में जितेंद्र गुप्ता ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर अपने साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस कुमार दूबे (27) निवासी तेतरडीह, चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू (21) निवासी धनगांव और दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ (20) निवासी नवाडीह को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया।

थाना बलरामपुर में पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

घटना में प्रयुक्त बोलेरो भी जब्त

पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेंद्र गुप्ता के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो वाहन (क्रमांक UP 64 AT 6717) को जब्त कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत भी मिले हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Chhattisgarh