
एमसीबी/ (CITY HOT NEWS)///
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनदर्शन के दौरान आमजन ने भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, जल समस्या, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, नियुक्ति, निर्माण कार्यों, भुगतान, बीमा एवं प्रशासनिक शिकायतों सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में चिरमिरी निवासी पंचराम ने नाली मरम्मत की मांग की, जबकि जगतपुर निवासी आशा ने भूमि संबंधी समस्या के निराकरण की मांग रखी। सुरेश कुमार साहू ने सीजीपीएफ की राशि को ई-कोष में संधारित किए जाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम नेरुआ के सरपंच ने सचिव के स्थानांतरण एवं पद से हटाने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।
बौरीडांड निवासी शिव कुमारी ने आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति दिलाकर न्याय प्रदान करने की मांग की। वहीं कटवार निवासी जितेंद्र कुमार ने ग्रामवासियों की ओर से सचिव के कार्यकाल को लेकर असंतोष व्यक्त करते हुए शिकायत प्रस्तुत की। बहरासी निवासी संतोष कुमार ने शासकीय पशु औषधालय भवन का किराया भुगतान कराने की मांग रखी।
भूमि संबंधी मामलों को लेकर कौशिल्या देवी, सरपंच साल्ही, बबुआ सिंह, राम लखन सिंह, बिहारी सिंह, गुलाब सिंह, रमाशंकर गुप्ता, सुषमा जायसवाल, मयाराम, जगसाय, सोनकुंवर एवं राम सिंह मरकाम सहित कई आवेदकों ने अपनी समस्याएं जनदर्शन में प्रस्तुत कीं।
दुर्गा धाम समिति आमा खेरवा द्वारा विधायक निधि से निर्मित अपूर्ण भवन को पूर्ण कराने की मांग की गई। वहीं केल्हारी निवासी मोहम्मद मेराज ने वरिष्ठ कृषि अधिकारी द्वारा मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराने तथा अस्पष्ट जानकारी देकर भ्रमित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
झगराखाण्ड निवासी कृष्ण कुमार कश्यप ने वर्षों पूर्व निस्तार के लिए निर्मित दीवार को नगर पंचायत द्वारा अवैध घोषित कर हटाए जाने के मामले में जानकारी प्रस्तुत की। मनेन्द्रगढ़ निवासी शांति साहू ने बीमा कंपनी द्वारा कथित धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की, जबकि संजय गुप्ता ने ऋण स्वीकृत नहीं किए जाने की समस्या से अवगत कराया।
माड़ीसरई निवासी मुन्नाराम ने पटवारी पर बिना सहमति रिश्वत लेकर बंटवारा किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। रामगढ़ निवासी इंद्रभान ने भूमि सीमांकन नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। कटवार निवासी बृज किशोर यादव ने सांस्कृतिक शेड निर्माण कार्य में मजदूरों का भुगतान नहीं किए जाने का मामला उठाया।
ताराबहरा निवासी विनय प्रताप सिंह ने शासकीय राशि का दुरुपयोग कर कम कार्य कर राशि आहरित किए जाने की शिकायत की। सरगवां निवासी दादूलाल सिंह ने वन अधिकार के कथित फर्जी पट्टे को निरस्त करने की मांग की। वहीं सिंगरौली निवासी रामवतार ने पैनारी क्षेत्र में संचालित शिवानी कंस्ट्रक्शन, अंबिकापुर द्वारा अवैध रूप से संचालित क्रेशर से जुड़े जप्त सामान को बिना जुर्माना जमा किए बेचे जाने की शिकायत प्रस्तुत की।
इसके अलावा झगराखाण्ड निवासी अमन कुमार सोनी ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई जल समस्या के समाधान की मांग करते हुए पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई।
जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान है और जनदर्शन इसी उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए भटकना न पड़े।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न होने दें। जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

