नकली सोना देकर व्यवसायी से 21 लाख की ठगी:निगम अफसर से 45 लाख की ठगी करने वाली महिलाओं ने की वारदात, FIR दर्ज

सरगुजा// अंबिकापुर में कुछ महिलाएं निगम कर्मी को नकली सोने के टुकड़े दिखाकर 45 लाख रुपए के असली सोना और नकदी की ठगी कर चुकी हैं। इसी गिरोह की महिलाओं ने एक व्यवसायी को भी नकली सोना देकर 21 लाख रुपए से ज्यादा ठग लिए।

जब महिलाएं पकड़ी गईं, तो व्यवसायी को अपनी ठगी का पता चला और उसने महिलाओं से लिया सोना चेक कराया, जो नकली निकला। इसके बाद व्यवसायी ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया नाका के व्यवसायी आनंद गर्ग के घर कई सालों से एक महिला घी बेचने आती थी, जो अपना नाम रानी मां और राजस्थान की रहने वाली बताती थी।

31 जनवरी 2026 को वह रानी मां अपनी साथी मंजू राठौर के साथ घर आई। दोनों ने व्यवसायी को लगभग आधा किलो का सोने का टुकड़ा दिखाया और कहा कि उन्हें यह सोना गांव में मिला है। उन्होंने बताया कि उनके पास सोने का कोई दस्तावेज नहीं है, इसलिए वे इसे बेच नहीं पा रही हैं।

सोने के बदले मांग 21 लाख रुपए

दोनों महिलाओं ने व्यवसायी से कहा कि उन्हें पैसों की जरूरत है और इसलिए वे यह सोना बेच रही हैं। उन्होंने आनंद से 21 लाख रुपए मांगे।

आनंद उनकी बातों में आ गया और घर में रखे हुए 21 लाख 5 हजार 300 रुपए मंजू राठौर को दे दिए। आनंद ने महिलाओं द्वारा दिखाए गए सोने के टुकड़े को अपने पास सुरक्षित रख लिया। इस बात की जानकारी उनके परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं थी।

ठगी के आरोप में पकड़ाई महिलाएं तो खुलासा कोतवाली पुलिस ने 19 मार्च को अंबिकापुर के निगम के आरआई हबीब खान से 45 लाख रुपए के सोने और नगदी की ठगी के मामले में गुजरात के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने हबीब खान को नकली सोने के टुकड़े देकर 20 तोले असली सोने के जेवर और 15 लाख रुपए कैश ले लिए थे।

मामले के खुलासे का वीडियो व्यवसायी आनंद गर्ग ने देखा तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। आनंद गर्ग ने इसकी जानकारी अपने बेटे ओम गर्ग को दी। उन्होंने महिलाओं द्वारा दिया गया सोने के टुकड़े की जांच कराई जो नकली था।

मामले की रिपोर्ट ओम गर्ग ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपी सुनीता गुजराती और मंजू राठौर निगम के आरआई से 45 लाख रुपये की ठगी के आरोप में जेल में बंद हैं।

Chhattisgarh