
गौरेला पेंड्रा मरवाही(CITY HOT NEWS)//
ग्राम पंचायत लालपुर, विकासखंड गौरेला के प्रगतिशील किसान विष्णु राठौर ने खेती में निरंतर मेहनत और आधुनिक कृषि संसाधनों के उपयोग से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वे धान की खेती के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की सब्जी-भाजी का उत्पादन भी करते हैं, जिससे उनकी आय के स्रोतों में वृद्धि हुई है। विष्णु राठौर बताते हैं कि पहले समय पर खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी रहती थी, जिससे खेती की योजना प्रभावित होती थी। लेकिन अब सहकारी समिति के माध्यम से उन्हें पर्याप्त मात्रा में उन्नत बीज, रासायनिक खाद, नैनो यूरिया और डीएपी समय पर उपलब्ध हो रहे हैं। इससे फसलों की बुआई और पोषण प्रबंधन बेहतर तरीके से हो पा रहा है।
विष्णु राठौर ने बताया कि नैनो यूरिया और संतुलित उर्वरकों के उपयोग से फसलों की वृद्धि अच्छी हुई है तथा उत्पादन में भी वृद्धि देखने को मिली है। धान के साथ-साथ सब्जी फसलों में भी बेहतर गुणवत्ता और अधिक पैदावार प्राप्त हो रही है। समय पर कृषि आदानों की उपलब्धता से खेती की लागत और प्रबंधन दोनों में सुधार आया है। विष्णु राठौर का कहना है कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं और समिति द्वारा खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता ने किसानों का भरोसा बढ़ाया है। अब उन्हें कृषि कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ता और आवश्यक सामग्री आसानी से मिल जाती है। आज विष्णु राठौर अपने क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।

