शराब के नशे में धुत युवक ने एक्टिवा से सड़कों पर जमकर मचाया उत्पात… कई वाहन चालकों को मारी टक्कर, युवतियों पर की अभद्र टिप्पणियां…

कोरबा// कोरबा शहर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने एक्टिवा से सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। युवक कुआं भठा स्थित शराब दुकान से निकलकर मानिकपुर चौकी क्षेत्र से सोनालिया फाटक तक लड़खड़ाते हुए वाहन चलाता रहा। इस दौरान उसने कई वाहन चालकों को टक्कर मारी, युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां कीं और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नशे में धुत युवक रास्ते भर अनियंत्रित तरीके से एक्टिवा चलाता रहा और कई बार गिरते-गिरते बचा। उसकी हरकतों से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में दहशत फैल गई। लोग उससे बचने के लिए सड़क किनारे हटते नजर आए।

देखिये यह तस्वीरें

रास्ते भर लोगों से बहस करता रहा और उलझता रहा

रास्ते भर लोगों से बहस करता रहा और उलझता रहा

पुलिस ने रेल्वे फाटक पर रोक कर उसे दबोच लिया

पुलिस ने रेल्वे फाटक पर रोक कर उसे दबोच लिया

कार से टकराने के बाद भागा, बंद फाटक पर पुलिस ने दबोचा

सोनालिया चौक के पास युवक की एक्टिवा एक कार से टकरा गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक एक्टिवा लेकर भागने लगा, लेकिन कुछ दूर जाकर बंद रेलवे फाटक पर फंस गया। इसी दौरान पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया।

उरगा निवासी निकला आरोपी, शराब पीकर चला रहा था वाहन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक शराब के नशे में टीपी नगर चौक से सोनालिया चौक की ओर उत्पात मचाते हुए जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निशु शर्मा, निवासी उरगा बताया। पुलिस के अनुसार, वह रास्ते में कई लोगों से अभद्रता करते हुए आया था।

इस बीच उसने एक कार को भी टक्कर मारी

इस बीच उसने एक कार को भी टक्कर मारी

एक्टिवा जब्त, मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 (शराब पीकर वाहन चलाने) के तहत मामला दर्ज किया है। उसकी एक्टिवा भी जब्त कर ली गई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Chhattisgarh