कोरबा// कोरबा जिले में सोमवार को रामपुर से लगे डेंगूनाला बस्ती में नाला पार करते समय 60 वर्षीय गोरे लाल तेज बहाव में बह गया। जिससे उसकी मौत हो गई। उनकी 58 वर्षीय पत्नी जान बाई ने तैरकर अपनी जान बचाई।
गोरे लाल और जान बाई रामपुर बस्ती के निवासी थे और आसपास की बस्तियों में भीख मांगकर जीवन यापन करते थे। सोमवार सुबह वे बालको बस्ती से भीख मांगकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डेंगूनाला उफान पर था, जिसे पार करने का प्रयास करते समय यह घटना हुई।

तेज बहाव में नाला पार करते समय बहे
नाला पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों पति-पत्नी बहने लगे। जान बाई ने संघर्ष करते हुए तैरकर खुद को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन गोरे लाल तेज बहाव में आगे बहते चला गया।
नाले के किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने गोरे लाल को पानी से बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों ने बताया कि मृतक गोरे लाल की एक बेटी है जो पढ़ाई कर रही है। पति की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। जिले में सोमवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

