बिलासपुर/// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक कॉन्स्टेबल का वर्दी में डांस करते और वकील का तलवार लहराते वीडियो सामने आया है। मस्तुरी थाने में पदस्थ कांस्टेबल देवानंद ने ‘हाय रानी, हेलो रानी’ संबलपुरी गाने पर वाइफ के साथ डांस करते हुए रील बनाई। वीडियो वायरल होने के बाद SSP ने उन्हें लाइन अटैच कर दिया है।

रील बनाने वाले कॉन्स्टेबल देवानंद लाइन अटैच। तलवार लहराने वाले वकील गिरफ्तार।
दूसरे मामले में वकील अंशुमन श्रीवास्तव (41) ने ‘हर हर महादेव’ गाने में खुलेआम तलवार लहराई। वह अपने घर के बाहर ही कार खड़ी कर शराब पी रहा था और पिस्टल, तलवार, फरसा लेकर आने-जाने वालों को डरा रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।
इससे जुड़ी ये तस्वीरें देखिए…

मस्तुरी थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल देवानंद वाइफ के साथ डांस करते नजर आए।

घर के बाहर शराब पीकर वकील ने तलवार लहराई।

फरसा लेकर नशे में झूमता रहा वकील।
केस 1 – वर्दी में डांस करने वाला आरक्षक लाइन अटैच
आरक्षक देवानंद कैवर्त्य मस्तुरी थाने में पदस्थ थे। इंस्टाग्राम पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह पत्नी संग डांस करते नजर आए। वर्दी में डांस करते वीडियो सामने आने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने जानकारी जुटाई। 6 अप्रैल को आदेश जारी कर देवानंद को लाइन अटैच कर दिया।
SSP बोले – अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि पुलिस विभाग एक अनुशासित विभाग है, यूनिफॉर्म गर्व का प्रतीक है। उसको पहन कर निजी ख्वाइशें और इस तरह की हरकतें कोई नहीं कर सकता।
इस तरह से वर्दी में डांस और रील बनाना बिल्कुल गलत है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वर्दी की गरिमा से कोई समझौता नहीं होगा और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीछे पिस्टल रखकर घर के अंदर जाते दिखा।
केस 2- हर-हर महादेव गाने में वकील ने लहराई तलवार
बिलासपुर शहर की पॉश कॉलोनी रामावैली में रविवार (5 अप्रैल) को वकील सरेआम हथियार लहराकर दहशत फैला रहा था। इसका वीडियो लोगों ने रिकॉर्ड कर पुलिस को भेज दिया। जांच में पता चला कि आरोपी अंशुमन श्रीवास्तव (41) नामक वकील है।
पुलिस ने कॉलोनी में दी दबिश
वह अपने घर के बाहर शराब पी रहा था और इस दौरान हाथ में पिस्टल, तलवार और फरसा जैसे औजार लेकर आने-जाने वालों को डराने का प्रयास कर रहा था। चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को कॉलोनी में देखकर हड़कंप मच गया।
घेराबंद कर आरोपी को पकड़ा
टीम ने आरोपी के घर L-5, मकान नंबर 124 की घेराबंदी की और उसे हथियारों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के मकान की तलाशी के दौरान 32.5 इंच की तलवार, एक काली पिस्टल और एक फरसा (छोटी कुल्हाड़ी) जब्त की है। इस दौरान हड़कंप मचने के कारण कॉलोनी के लोग गवाही देने से कतराते रहे।

वकील अंशुमन श्रीवास्तव (41)
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया है। चकरभाठा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

