कोरिया : ’नकॉर्ड की बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव बोलीं- श्नशा उन्मूलन सर्वाेच्च प्राथमिकता, खानापूर्ति नहीं चलेगी’

  • ’नशे के खिलाफ जनजागरण के साथ, कड़ी कार्यवाही भी करें’

कोरिया/रायपुर (CITY HOT NEWS)//

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में आयोजित नार्काे कॉर्डिनेशन सेंटर समिति (नकॉर्ड) की बैठक में जिले में नशा उन्मूलन अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। 

बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए विभिन्न विभागों की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता जिले को नशामुक्त बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर लगातार अभियान चलाया जाए। स्कूलों और कॉलेजों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए। अवैध रुप से नशे के कारोबार करने वालो की निगरानी करें और उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही भी करें।

’जंगलों में अवैध खेती पर रहेगी कड़ी नजर’
वन विभाग को अफीम और भांग जैसी मादक फसलों की संभावित अवैध खेती पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। वन मण्डलाधिकारी श्रीमती प्रभाकर खलको ने बताया कि बीटगार्डों को जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और तत्काल सूचना देने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि अवैध खेती को समय रहते रोका जा सके।

’नशे के कारोबारियों पर चलेगा विशेष अभियान’
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे को विशेष अभियान चलाकर नशे की बिक्री और तस्करी में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को भी कहा गया। पुलिस विभाग ने जानकारी दी कि गांजा, अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

’बिना प्रिस्क्रिप्शन नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक’
जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी को मेडिकल स्टोर्स में बिना डॉक्टर की पर्ची नशीली दवाओं की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को नशा पीड़ितों के उपचार और परामर्श सेवाओं को मजबूत करने के लिए कहा गया।

समाज कल्याण विभाग को जिलेभर में नियमित जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नगरीय निकायों को स्लम क्षेत्रों के बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।

“समाज की भागीदारी से ही बनेगा नशामुक्त जिला”’
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ जनजागरण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवासियों को परिवार और समाज को नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ने की अपील की। कलेक्टर ने समाज प्रमुखो से अपील की है कि समाज मे नशे के नुकसान , दुष्प्रभाव के बारे में जरूर बातचीत करें ताकि युवा पीढी नशे के चंगुल से बच सकें।

Chhattisgarh