रायपुर// छत्तीसगढ़ के रायपुर में 22 नवंबर 2025 को नाबालिग लड़की के संदिग्ध हालत में मिले शव मामले में पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी नाबालिग लड़की का बॉयफ्रेंड है। जांच में पता चला कि वारदात वाले दिन आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड को मिलने के लिए दुर्ग के होटल में बुलाया था।

रायपुर में नाबालिग लड़की की हत्या का आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार
वहां आरोपी ने गर्लफ्रेंड से अपने दोस्त और खुद के साथ सेक्स के लिए दबाव डाला। जब लड़की ने इनकार किया, तो आरोपी और उसके दोस्त ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद दोनों ने लड़की के शव को बाइक पर बैठाकर रायपुर ले आए और यहां अमलीडीह सोलस हाइटस कॉलोनी के पीछे खाली प्लॉट में फेंककर फरार हो गए। आरोपियों ने हत्या की वारदात को सुसाइड बताने के लिए नाबालिग के मोबाइल से आत्महत्या करने जैसे चैट भी किए। यह मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
वहीं इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी शातिर चोर भी है। उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रायपुर के 11 सूने मकानों में चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान बरामद किए हैं।
पहले देखिए ये तस्वीरें-

मृतिका की पहचान काशीराम नगर निवासी 16 साल की नाबालिग के रूप में हुई।

नाबालिग के शव मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की।

पुलिस ने घटनास्थल से शव को जब्त करके पीएम के लिए भेजा था।
अब जानिए पूरा मामला
दरअसल, 22 नवंबर 2025 को रायपुर के अमलीडीह सोलस हाइटस कॉलोनी के पीछे एक खाली प्लॉट में 16 साल की नाबालिग लड़की का संदिग्ध हालत में शव मिला था। शव की सूचना पर मौके पर थाना न्यू राजेंद्र नगर और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम पहुंची।
पुलिस जांच में पता चला कि नाबालिग लड़की तेलीबांधाा के काशीराम नगर की रहने वाली है। वो पार्टियों में कैटरिंग का काम करती थी। वह 2 दिन पहले घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। 22 नवंबर 2035 की दोपहर स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के पास उसकी लाश देखी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लाश की हालत देखकर नाबालिग की हत्या की आशंका जताई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में पता चला कि लड़की की मौत गला दबने से हुई थी। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध दर्ज किया गया।

नाबालिग का शव मिलने के बाद जांच करते हुए पुलिस अधिकारी।
पुलिस की जांच और आरोपी की पहचान
इसके बाद पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के इलाकों की जांच की और नाबालिग के परिवार और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले और मुखबिरों से आरोपी की पहचान के प्रयास किए।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि लड़की को आखिरी बार तेलीबांधा के देवार बस्ती निवासी शातिर चोर हरीश पटेल (23 वर्ष) और राहुल पटेल के साथ देखा गया था। पुलिस ने जब दोनों के बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला कि लड़की के दोनों युवकों के साथ संबंध थे। वारदात के बाद से दोनों कुछ दिनों से फरार थे।
पुलिस को इन दोनों पर शक हुआ। जब दोनों आरोपियों को पुलिस की टीम ने पकड़ने की कोशिश की तो दोनों आरोपी बार-बार अपना लोकेशन बदल रहे थे। काफी प्रयास के बाद टीम ने आरोपी हरीश पटेल को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।

रायपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की की हत्या के मामले का खुलासा
हत्याकांड का खुलासा
पूछताछ में आरोपी हरीश पटेल ने बताया कि लड़की उसकी गर्लफ्रेंड थी। 19 नवंबर 2025 को उसने उसे को मिलने दुर्ग बुलाया था। लड़की रायपुर से दुर्ग पहुंची। वहां आरोपी हरीश ने दो कमरे बुक कराए और अपने साथी राहुल के साथ उसे होटल में रखा।
20 नवंबर 2025 को हरीश और उसका दोस्त राहुल उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। जब लड़की ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया तो दोनों ने गुस्से में आकर लड़की की गमछा से गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लड़की के शव को होटल से बाहर निकाला और मोटरसाइकिल में बैठाकर दुर्ग से रायपुर ले आए। इसके बाद रायपुर के राजेंद्र नगर के खाली प्लॉट में लड़की के शव को फेंक कर वहां से फरार हो गए।
वहीं आरोपी हरीश ने हत्या की वारदात को आत्महत्या बताने के लिए लड़की के मोबाइल से सहेली को सुसाइड के मैसेज भेजे। जिसमें लिखा था मैं जीना नहीं चाहती, मैं जिंदगी से निराश हो चुकी हूं।

हत्या का आरोपी अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 11 मकानों में चोरियां की, 60 लाख की संपत्ति जब्त
हत्या का आरोपी कर चुका है 11 चोरियां
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी हरीश पटेल शातिर चोर है। उसने बताया कि वो अपने साथी अरविंद नेताम, उषा राठौर और एक अन्य युवक के साथ मिलकर रायपुर के अलग-अलग इलाकों में 11 सूने मकानों में चोरी कर चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों से 400 ग्राम सोने के जेवर, 3 किलोग्राम चांदी के जेवर, 20,000 रुपये नकद, एक्स ड्रीम मोटरसाइकिल और 4 मोबाइल फोन बरामद किए। इन सभी की कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है। हरीश पटेल पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

