
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। इसमें 65 सदस्य हैं। इनमें से 12, यानी 18% महिला सदस्य हैं। 14 सदस्यों को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है, जबकि 51 नए सदस्य हैं। 73 साल की वसुंधरा राजे सबसे सीनियर हैं। जबकि 35 साल डॉक्टर हेमांग जोशी सबसे युवा है।
अगले साल चुनाव वाले उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2, यानी कुल 18 चेहरे नई टीम में शामिल हैं।
नितिन की ‘नवीन टीम’ के बारे में रोचक जानकारी 5 ग्राफिक्स में पढ़िए..
2027 के विधानसभा चुनाव वाले राज्यों से 18 चेहरे
भाजपा की नई टीम में 2027 में विधानसभा चुनाव वाले 7 राज्यों में से 4 राज्यों को प्रतिनिधित्व मिला है। उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2, यानी कुल 18 चेहरे नई टीम में शामिल हैं। वहीं गोवा, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश से कोई नाम नहीं है।
65 सदस्यों में केवल 12 महिलाएं
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कई महिला नेताओं को अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय महासचिव, सचिव और मोर्चा व सोशल मीडिया से जुड़े पद शामिल हैं।
65 में से सिर्फ 14 पुराने चेहरे
नई टीम में 14 पुराने चेहरों को दोबारा जगह मिली है, जबकि 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। यानी 65 सदस्यों वाली टीम में करीब 78.5% नए चेहरे हैं। इससे साफ है कि संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है, हालांकि कुछ अनुभवी नेताओं को भी बरकरार रखा गया है।
सभी मोर्चों के अध्यक्ष हटे, कुल 29 चेहरे ड्रॉप
पिछली टीम के 29 चेहरों को नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे प्रमुख संगठनात्मक पदों पर रहे नेता भी शामिल हैं।
इसके अलावा मोर्चा, कार्यालय और मीडिया से जुड़े कुछ पुराने पदाधिकारियों को भी नई टीम में जगह नहीं दी गई।
वसुंधरा सबसे उम्रदराज, हेमांग सबसे युवा
भाजपा की नई 65 सदस्यीय टीम में सबसे उम्रदराज चेहरा वसुंधरा राजे हैं, जिनकी उम्र 17 अगस्त 2026 को 73 साल है। वहीं सबसे युवा चेहरा डॉ. हेमांग जोशी हैं, जिनकी उम्र 35 साल है।
यानी नई टीम में सबसे ज्यादा उम्र और सबसे कम उम्र के चेहरों के बीच 38 साल का अंतर है। हालांकि सभी 65 नेताओ की उम्र की अभी पूरी डिटेल सामने नहीं आई है।
BJP की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ से 2 नाम:सांसद रूप कुमारी चौधरी महिला मोर्चा अध्यक्ष, दीपक म्हस्के बने सोशल मीडिया संयोजक
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त 2026 को नई टीम की घोषणा कर दी है। इसमें कुल 65 पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं।
BJP की नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण जगह मिली है। सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

बीजेपी महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सांसद रूप कुमारी चौधरी का स्वागत।
रूप कुमारी चौधरी बनीं महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष
छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाए जाने को प्रदेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे राज्य में संगठनात्मक मजबूती और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के रूप में देखा जा रहा है।
दीपक म्हस्के बने राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक
वहीं, दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी देकर भाजपा ने डिजिटल रणनीति को और मजबूत करने का संकेत दिया है। म्हस्के लंबे समय से पार्टी के सोशल मीडिया अभियानों और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
अलग-अलग राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी
नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। भाजपा की नई टीम में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा सहित कई नेताओं के नाम शामिल हैं।
वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।

