छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास…ताला तोड़कर बैंक में घुसा आरोपी..CCTV दुरुस्त रखने और गार्ड तैनात करने के निर्देश…

कोरबा// कोरबा के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में सोमवार रात चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात चोर बैंक का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

रात को ताला तोड़कर घुसा आरोपी, लॉकर और अलमारियां खोलने की कोशिश नाकाम - Dainik Bhaskar

रात को ताला तोड़कर घुसा आरोपी, लॉकर और अलमारियां खोलने की कोशिश नाकाम

इसके बाद आरोपी खाली हाथ लौट गया। घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही

ताला तोड़कर बैंक में घुसा आरोपी

सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति बैंक के अंदर प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। बैंक में घुसने के बाद आरोपी ने मुख्य ताला अपने साथ ले लिया। पुलिस को आशंका है कि उसने सबूत मिटाने के इरादे से ऐसा किया होगा। इसके बाद उसने बैंक के लॉकर और अन्य अलमारियों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें खोल नहीं सका।

बैंक का CCTV बंद, रात में गार्ड भी नहीं था

घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बैंक में लगे CCTV कैमरे बंद पाए गए। वहीं, रात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि CCTV काम नहीं कर रहा था। इससे आरोपी की पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है।

आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बैंक के आसपास आने-जाने वाले रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

पहले भी बैंकों की सुरक्षा में मिली थीं कमियां

सीएसपी ने बताया कि पुलिस समय-समय पर जिले के सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश देती है। कुछ दिन पहले ही सभी बैंकों का सर्वे कराया गया था। इसमें कई जगह सुरक्षा संबंधी कमियां मिली थीं, जिसके बाद संबंधित बैंक प्रबंधन को नोटिस भी जारी किए गए थे।

CCTV दुरुस्त रखने और गार्ड तैनात करने के निर्देश

पुलिस ने सभी बैंक और वित्तीय संस्थानों से CCTV कैमरों को दुरुस्त रखने और रात में सुरक्षाकर्मी की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की है। सीएसपी ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मिलने पर बैंक प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित बैंक के उच्च कार्यालय को पत्र लिखकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की सिफारिश भी की जाएगी।

Chhattisgarh