
गौरेला पेंड्रा मरवाही,(CITY HOT NEWS)//
आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला चिकित्सालय में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची एवं नगर पालिका गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि राज्य शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत स्थापित अटल आरोग्य लैब से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब मरीजों को विभिन्न पैथोलॉजिकल जांचों के लिए निजी जांच केंद्रों पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से रोगों की समय पर पहचान और बेहतर उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे ने कहा कि अटल आरोग्य लैब के संचालन से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आमजन को निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ मिलेगा। जिला चिकित्सालय प्रशासन ने बताया कि अटल आरोग्य लैब के माध्यम से नागरिकों एवं अस्पताल में उपचार हेतु आने वाले मरीजों को 134 प्रकार की विभिन्न पैथोलॉजिकल जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इन जांचों से विभिन्न रोगों की त्वरित एवं सटीक पहचान संभव होगी, जिससे मरीजों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने लैब का अवलोकन कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। जिला चिकित्सालय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शासन द्वारा प्रदत्त इस निःशुल्क सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और आवश्यकता होने पर चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जांच कराएं। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह पैकरा, पैथोलॉजी प्रभारी अधिकारी डॉ. देवेश द्विवेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

