बलरामपुर// बलरामपुर जिले के सामरी थाना क्षेत्र में एक सहायक शिक्षिका ने अपना मोबाइल नंबर हैक कर अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया है। शिक्षिका ने परिजनों और ग्रामीणों के साथ सामरीपाठ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता सुसाना खलखो, निवासी ग्राम सराईटोली भंडारडीपा, वर्तमान में शासकीय प्राथमिक शाला भंडारडीपा में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनका मोबाइल नंबर 18 जून से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक कर लिया गया है।

व्हाट्सएप ग्रुपों में भेजे जा रहे आपत्तिजनक संदेश
शिक्षिका के अनुसार, हैक किए गए नंबर का उपयोग कर विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में अश्लील वीडियो, आपत्तिजनक संदेश, अभद्र डीपी और स्टेटस साझा किए जा रहे हैं। इससे उनकी छवि और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।
मानसिक रूप से परेशान हैं पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि इस घटना के कारण उन्हें मानसिक तनाव और सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ रहा है। गांव और परिचितों के बीच गलत संदेश जाने से उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है।
साइबर जांच की मांग
शिक्षिका ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर जांच कराने, मोबाइल नंबर हैक करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सामरी पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस तकनीकी सबूतों और साइबर माध्यमों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है।

