- स्वर्गीय पंचायत सचिव के पुत्र को शासन के प्रावधानों के तहत मिला रोजगार का अवसर
बेमेतरा (CITY HOT NEWS)//
छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों एवं अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी प्रावधानों के तहत ग्राम पंचायत भनसुली के दिवंगत पंचायत सचिव स्वर्गीय गिरिध राम साहू के आश्रित पुत्र श्री यशवंत कुमार साहू को पंचायत सचिव पद पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है। ज्ञात हो कि ग्राम पंचायत भनसुली में पदस्थ पंचायत सचिव स्वर्गीय गिरिध राम साहू का 30 मार्च 2026 को असामयिक निधन हो गया था। शासन के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप उनके आश्रित पुत्र श्री यशवंत कुमार साहू, निवासी ग्राम भैंसा, जिला बेमेतरा को पंचायत सचिव के पद पर अस्थायी रूप से नियुक्त किया गया है। उन्हें कार्यालय जनपद पंचायत बेमेतरा से संबद्ध किया गया है।
नियुक्ति आदेश के अनुसार श्री यशवंत कुमार साहू को शासन द्वारा निर्धारित वेतनमान 3500-10000 एवं ग्रेड वेतन 1100 के न्यूनतम स्तर पर नियुक्ति प्रदान की गई है। यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से परिवीक्षा अवधि के अधीन होगी तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी नियम एवं शर्तें लागू रहेंगी। नियुक्ति के तहत स्वास्थ्य उपयुक्तता प्रमाण-पत्र, चरित्र सत्यापन, शैक्षणिक एवं निवास संबंधी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन अनिवार्य होगा। साथ ही पंचायत सचिवों के लिए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी। नवीन नियुक्त पंचायत सचिव को प्रारंभिक तीन माह तक अनुभवी पंचायत सचिव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
शासन की अनुकम्पा नियुक्ति व्यवस्था का उद्देश्य असामयिक निधन की स्थिति में प्रभावित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है। इस नियुक्ति से स्वर्गीय गिरिध राम साहू के परिवार को सहारा मिलेगा तथा पंचायत प्रशासन के कार्यों की निरंतरता भी बनी रहेगी।

