सूरजपुर : आदिम जाति सेवा सहकारी समिति रेवटी में पर्याप्त खाद का भंडारण, सुचारु रूप से हो रहा वितरण

  • आवश्यकतानुसार खाद का उठाव करें किसान, जमाखोरी पर सख्त कार्यवाही के निर्देश – कलेक्टर

सूरजपुर/(CITY HOT NEWS)///

खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में किसानों को खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास प्रशासन द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्या. रेवटी (शाखा प्रतापपुर) में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है तथा किसानों को आवश्यकतानुसार सुचारु रूप से वितरण किया जा रहा है। समिति प्रबंधक द्वारा बताया गया कि 03 जून की स्थिति में यूरिया, डी.ए.पी., इफको, एस.एस.पी. सहित विभिन्न प्रकार के  खाद का लगभग 3493 क्विंटल खाद का भंडारण शेष है।

किसान बोले – पर्याप्त मात्रा में मिल रहा खाद –
समिति में खाद लेने पहुंचे किसानों ने व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। कृषक श्री गोविंदा पटेल ने बताया कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद मिल रहा है, जिससे उनकी खेती आसानी से हो जाएगी। ग्राम सोंधिहा के श्री मिथलेश पटेल तथा श्री जगदल प्रसाद पटेल ने बताया कि समिति में  उनके आवश्यकतानुसार खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो जा रही है। 

आवश्यकतानुसार करें उठाव – कलेक्टर की अपील –
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही खाद का उठाव करें, ताकि सभी कृषकों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खाद की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर सतत निगरानी रखी जाए तथा ऐसे प्रकरणों में लगातार सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

Chhattisgarh