
बिलासपुर/सक्ती// छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर कलेक्ट्रेट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) एवं न्याय निर्णयन अधिकारी कार्यालय में पदस्थ है।
वहीं, सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को भी 20 हजार रुपए रिश्वत पकड़ा गया है। मारपीट केस में कार्रवाई से बचाने के एवज में 40 हजार मांगे थे। आज रविवार को यह दोनों कार्रवाई की गई है।

सहायक ग्रेड-3 बाबू विजय पांडेय
बिलासपुर: ADM दफ्तर के बाबू ने ली रिश्वत
जानकारी के मुताबिक कोटा निवासी होटल संचालक देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी। आरोपी बाबू विजय पांडेय ने जुर्माना राशि 1 लाख रुपए तक होने की बात कहकर उसे 30 हजार रुपए कराने के बदले 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी।
पहली किश्त पहले ले चुका था आरोपी
शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत ACB से की। सत्यापन के दौरान पता चला कि आरोपी पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 15 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
इसके बाद ACB ने ट्रैप प्लान किया। रविवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को ADM कार्यालय बुलाया। जैसे ही उसने 15 हजार रुपए लिए, ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
आरोपी पर पहले से भी रिश्वतखोरी के आरोप
ACB अधिकारियों के मुताबिक आरोपी विजय पांडेय के खिलाफ पहले भी रिश्वत लेने की शिकायतें मुखबिरों के जरिए मिल रही थीं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सहायक उप निरीक्षक एस.एन.मिश्रा
सक्ती: ASI 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
वहीं, ACB बिलासपुर ने सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को भी 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने शिकायत की थी कि उसके और परिवार के खिलाफ दर्ज मारपीट मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले ASI ने 40 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी।
ढाबे में लेते पकड़ा गया दूसरी किश्त
जांच में पता चला कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद ACB ने दूसरी किश्त के लिए ट्रैप लगाया। रविवार को शिकायतकर्ता ने आरोपी को चंद्रपुर के गुड्डू ढाबा बुलाया। जैसे ही ASI ने 20 हजार रुपए लिए, ACB टीम ने उसे पकड़ लिया और रकम जब्त कर ली।
ACB बोली- रिश्वतखोरों पर कार्रवाई जारी रहेगी
ACB अधिकारियों ने बताया कि, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने पर तुरंत सूचना दें। भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

