कोरबा// जांजगीर-चांपा जिले के नैला रेलवे स्टेशन के पास एक युवक ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। सिग्नल के कारण रुकी यात्री ट्रेन के ट्रैक पर लेटकर युवक वीडियो बनवा रहा था, तभी सामने से दूसरी ट्रेन आती दिखी। यात्रियों की आवाज सुनकर युवक ने भागकर अपनी जान बचाई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह युवक कोरबा का निवासी बताया जा रहा है। वह यात्री ट्रेन से सफर कर रहा था और कोरबा आते समय लोकल मेमू ट्रेन में लगातार स्टंट कर रहा था। सहयात्रियों ने उसे कई बार ऐसी जानलेवा हरकतें न करने की सलाह दी, लेकिन उसने बात नहीं मानी। नैला स्टेशन के पास सिग्नल न मिलने के कारण ट्रेन रुक गई।



मौका पाकर युवक ट्रेन से उतरा और सीधे रेलवे ट्रैक पर लेट गया। उसने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया और अलग-अलग पोज देने लगा। यात्री उसे आवाजें देकर चेता रहे थे, लेकिन वह पोज देने में व्यस्त था। इसी दौरान सामने से एक और ट्रेन आती हुई दिखाई दी।

ट्रैक पर लेटे युवक को देखकर यात्रियों में हड़कंप मच गया और वे चिल्लाने लगे। किसी तरह युवक ने आनन-फानन में ट्रैक से हटकर अपनी जान बचाई। कुछ सेकंड की देरी एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। ट्रेन गुजर जाने के बाद युवक ने अपनी खुशी जाहिर की। यात्रियों ने उसकी इस हरकत का वीडियो बना लिया था।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक बिना किसी डर के ट्रैक पर लेटकर वीडियो बनवा रहा था, जबकि पीछे ट्रेन की हेडलाइट दिखाई दे रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने रेलवे प्रशासन और पुलिस से ऐसे युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि ऐसे लोग न केवल अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं, बल्कि ट्रेन संचालन और अन्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहे हैं।

