रायगढ़// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर युवक शादीशुदा महिला से 6 साल तक दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान उसने महिला से 35 लाख भी वसूल लिए। दरअसल, दोनों ने 10वीं में साथ पढ़ाई की थी। युवती की शादी हो गई। फेसबुक के जरिए दोनों दोबारा संपर्क में आए।

महिला का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करते रहा युवक।
युवक महिला से बातचीत करने लगा। एक दिन उसने मायके छोड़ने के बहाने युवती को अपनी कार में बैठाया। कुछ दूर सुनसान इलाके में जाकर युवक ने बहला-फुसला कर महिला से सेक्स किया। इस दौरान उनसे महिला का अश्लील वीडियो भी बना लिया था।
आरोपी ने वीडियो महिला के पति को दिखाने की धमकी दी। डर से महिला ने इन 6 सालों में उसे किस्तों में जेवर और कैश मिलाकर करीब 35 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद भी आरोपी की मांग खत्म नहीं हुई और वह लगातार और पैसे मांगने लगा।
आरोपी की लगातार धमकियों से परेशान होकर उसने सुसाइड का मन बना लिया था। लेकिन बाद में महिला ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला महिला थाना क्षेत्र की है।

युवक पर महिला से रेप और 35 लाख वसूलने का आरोप है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में रहने वाली 33 साल की महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बंजारी गांव के अनिल ईजारदार (32) को हाईस्कूल के दिनों से जानती थी। उस समय दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी।
बाद में साल 2013 में महिला की सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार किसी अन्य युवक से शादी हो गई। शादी के बाद दोनों का संपर्क खत्म हो गया था।
महिला के मुताबिक, साल 2019 में अनिल ईजारदार ने उसे फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद दोनों फिर से संपर्क में आए और मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई।
पीड़िता ने बताया कि 25 दिसंबर 2020 को वह अपने मायके सारंगढ़ जाने के लिए चंद्रपुर बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। तभी उसकी मुलाकात अनिल से हुई।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
कार में बनाया शारीरिक संबंध
इसी दौरान अनिल वहां पहुंच गया। उसने महिला से कहा कि वह उसे उसके घर तक छोड़ देगा और इस बहाने उसे अपनी सफेद कार में बैठा लिया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद अनिल उसे गांव के पास एक खेत की ओर ले गया, जहां उसने बहला-फुसला कार के अंदर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए ओर चोरी-छिपे उसका वीडियो भी बना लिया।
वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी दी
इसके बाद अनिल ने महिला की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वह वीडियो उसके पति और परिवार वालों को भेजने की बात कहकर लगातार उससे पैसों की मांग करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि बदनामी के डर से वह लंबे समय तक उसके दबाव में रही। अनिल धमकी देकर लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला के अनुसार, 25 दिसंबर 2020 से 24 मई 2026 तक वह उसे डराकर उसका शोषण करता रहा।

आरोपी से पीड़िता को ब्लैकमेल कर 6 साल में करीब 35 लाख रुपए वसूल लिए। (प्रतीकात्मक इमेज)
जेवरात और कैश समेत लाखों रुपए वसूले
पीड़िता ने बताया कि इस दौरान अनिल ने उससे धीरे-धीरे करके गहने और कैश मिलाकर करीब 35 लाख रुपए भी वसूल लिए। इसके बाद भी वह लगातार और पैसे मांगता रहा। आखिर में परेशान होकर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(उ), 351(3) और 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मानसिक रूप से हुई परेशान, सुसाइड बनाया मन
पीड़िता ने बताया कि आरोपी की प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से इतनी परेशान हो चुकी थी कि उसने सुसाइड करने का मन बना लिया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने उसके पास से कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिए और उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

