पोल्ट्री फार्म संचालक को 9 लाख रुपए लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी…युवक ने खुद को फाइनेंस कंपनी का अफसर बताया..

बिलासपुर// बिलासपुर जिले में 9 लाख रुपए लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। युवक ने खुद को फाइनेंस कंपनी का अफसर बताया, जिसके बाद पोल्ट्री फार्म संचालक को लोन दिलाने का झांसा देकर उससे 30 हजार रुपए वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

ग्राम कोकड़ी निवासी दिलहरण सोनी पोल्ट्री फार्म में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के खपरीडीह निवासी बिरबल पाटले से उसकी मुलाकात हुई, तब उसने खुद को एसके फाइनेंस कंपनी का अफसर बताया। साथ ही अपना आईडी कार्ड दिखाकर उसे 9 लाख रुपए का लोन दिलाने का भरोसा दिलाया।

पोल्ट्री फार्म बढ़ाने के लिए चाहिए था लोन दिलहरण को अपने पोल्ट्री फार्म को बढ़ाने के लिए लोन की जरूरत थी। इसके चलते उसने लोन लेने की बात कही। इस दौरान बिरबल ने उसे बैंक में खाता खोलने और लोन प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर अलग-अलग किश्तों मे 30 हजार रुपए वसूल लिए। पीड़ित के मुताबिक 25 जून 2025 को आरोपी ने फोनपे के माध्यम से 8 हजार और 15 हजार रुपए लिए, वहीं 7 हजार रुपए नगद भी लिए।

10 हजार रुपए और मांगा तब ठगी का हुआ अहसास शिकायतकर्ता ने बताया कि बाद में आरोपी ने कहा कि 9 लाख रुपए का लोन पास हो गया है और आगे की प्रक्रिया के लिए 10 हजार रुपए और देने होंगे। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ। जिसके बाद उसने पहले दी गई रकम वापस मांगने लगा। वहीं, फाइनेंस कंपनी का कथित अफसर रुपए लौटाने के लिए टालमटोल करने लगा। जिसके बाद बिरबल पाटले ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस इसके बाद पीड़ित ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद 7 मई को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Chhattisgarh