कोरबा// कोरबा में रविवार को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर अचानक एक मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार इलाके का है।
मृतक की पहचान 15 ब्लॉक पंप हाउस निवासी सुरेश चौहान के रूप में हुई है। उसके साथी अर्जुन पटेल ने बताया कि सुरेश, विक्की और वह तीनों प्रतिदिन की तरह बाइक से जमनीपाली एल्युमिनियम फिटिंग का काम करने जा रहे थे।

मवेशी को बचाने के प्रयास में नहर में गिरी बाइक
सुबह राताखार के पास अचानक एक गाय सड़क पार करने लगी। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक ने संतुलन खो दिया और तीनों युवक बाइक समेत नहर में जा गिरे। इस दुर्घटना में सुरेश चौहान को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विक्की को भी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अर्जुन को मामूली चोटें लगी हैं।
हादसे के बाद साथियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस को 10 मिनट में पहुंचने की बात कही गई थी, लेकिन वह लगभग आधे घंटे तक नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों और 112 डायल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाइक पर ही जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुरेश को मृत घोषित कर दिया। घायलों के साथियों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती और तुरंत इलाज शुरू हो जाता, तो सुरेश की जान बच सकती थी।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने पुष्टि की कि तीनों युवक बाइक पर सवार थे और मवेशी को बचाने के चक्कर में नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ। मृतक सुरेश कुमार अपने परिवार का पालन-पोषण मजदूरी कर करता था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले में मवेशी मालिक की तलाश कर रही है।

