रायपुर : सेवा संकल्प अभियान में गांव-गांव स्वच्छता की मुहिम, श्रमदान से जनभागीदारी का दिया संदेश

सेवा संकल्प अभियान में गांव-गांव स्वच्छता की मुहिम, श्रमदान से जनभागीदारी का दिया संदेश
  • अमृत सरोवर और तालाबों की हुई सफाई, ग्रामीणों ने श्रमदान कर लिया स्वच्छ गांव का संकल्प
  • ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण, विद्यार्थियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
  • हाथ धुलाई से व्यक्तिगत स्वच्छता तक, गतिविधियों के जरिए ‘स्वच्छ गांव-स्वस्थ गांव’ के लिए किया जागरूक

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

अमृत सरोवर और तालाबों की हुई सफाई, ग्रामीणों ने श्रमदान कर लिया स्वच्छ गांव का संकल्प
अमृत सरोवर और तालाबों की हुई सफाई, ग्रामीणों ने श्रमदान कर लिया स्वच्छ गांव का संकल्प

सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले के गांवों में जनभागीदारी के साथ स्वच्छता की मुहिम चलाई जा रही है। ‘स्वच्छता में सहभागी, स्वच्छ भारत विकसित भारत’ की थीम पर ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों एवं तालाबों की सफाई, पौधरोपण और हाथ धुलाई जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

अभियान की विशेषता इसमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और स्वच्छताग्राहियों ने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कर अपने गांव और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

श्रमदान से संवरे जलस्रोत, अमृत सरोवर और तालाबों की हुई सफाई

अभियान के तहत अमृत सरोवर एवं अन्य तालाबों की साफ-सफाई के लिए सामूहिक श्रमदान किया गया। ग्रामीणों ने जलस्रोतों और उनके आसपास के क्षेत्रों की सफाई में भाग लेकर जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश दिया। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता गतिविधियों में निरंतर सहभागिता निभाने की अपील भी की गई।

‘एक पेड़ मां के नाम’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों की सहभागिता से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया।

स्वच्छ आदतों से स्वस्थ गांव बनाने पर जोर

स्वच्छता गतिविधियों के दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों को नियमित हाथ धुलाई, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वच्छ आदतों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के माध्यम से गांवों में स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने के साथ ‘स्वच्छ गांव-स्वस्थ गांव’ की भावना को मजबूत करते हुए पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Chhattisgarh