नवविवाहिता ने तालाब में कूदकर की आत्महत्या..परिजनों ने फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी के लिए झगड़ा और मारपीट करने का लगाया आरोप….पति और ससुर गिरफ्तार

बलरामपुर// बलरामपुर जिले में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता ने तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद से ही पति और ससुर दहेज में फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी नहीं मिलने की बात को लेकर महिला से झगड़ा और मारपीट करते थे।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने पति दिलीप कुमार यादव और ससुर सुरेश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह मामला सनावल थाना क्षेत्र का है।

घास काटने गई थी महिला

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को महिला दोपहर करीब 2 बजे घास काटने के लिए पियाह नाला की ओर गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी आसपास तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।

इसके बाद परिजनों ने पास के एक छोटे तालाब में जाल डालकर तलाश की। इसी दौरान महिला का शव जाल में फंसा हुआ ऊपर आया। इसके बाद घटना की सूचना सनावल पुलिस को दी गई।

जांच में सामने आई प्रताड़ना की बात

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया। मर्ग जांच के दौरान परिजनों और अन्य लोगों के बयान लिए गए।

बयानों में सामने आया कि महिला की शादी के करीब एक महीने बाद से ही दहेज को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि पति दिलीप कुमार यादव (26) और ससुर सुरेश यादव (53) फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी दहेज में नहीं मिलने की बात को लेकर उससे झगड़ा और मारपीट करते थे।

परिजनों के मुताबिक, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने 9 सितंबर को खेत के पास बने छोटे तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली।

पति और ससुर गिरफ्तार

मर्ग जांच में पुलिस को दहेज प्रताड़ना से जुड़ा अपराध होने के सबूत मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान दोनों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने 12 सितंबर 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Chhattisgarh