रायपुर : राष्ट्रप्रेम के जज्बे के साथ जांजगीर-चांपा में निकली तिरंगा यात्रा

  • ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति और जनभागीदारी से जुड़े विविध आयोजन

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले में आज तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में जिले के विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं यात्रा में शामिल होकर खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, गरिमा और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने की अपील की।

9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें तिरंगा यात्रा, रैलियां, दौड़ एवं मैराथन, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, कैनवास गतिविधियां, तिरंगा प्रतिज्ञा, सेल्फी अभियान, सम्मान कार्यक्रम सहित जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय पोयाम, एसडीएम जांजगीर एवं जिला खेल अधिकारी श्री सुब्रत प्रधान, तहसीलदार श्री शशिभूषण सोनी सहित विभिन्न खेल विधाओं के प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Chhattisgarh