सूरजपुर// सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग चक्काजाम कर दिया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मामला हिंसक हो गया। ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रेशर में आग लगा दी। मौके पर पहुंचे एसडीओपी, थाना प्रभारी (टीआई) और तहसीलदार को भी बंधक बना लिया।
महिला बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर घर लौट रही थी। एक क्रेशर के गिट्टी लोड ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मारी, पहिया उनके ऊपर से निकल गया। ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया।
हादसे के बाद भड़के ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रखा है। उनकी मांग है कि बस्ती के अवैध क्रेशर को हटाया जाए, ड्राइवर को पकड़ा जाए और मृतक परिवार को मुआवजा मिले। बतादें कि दो दिनों में यहां ट्रैक्टर से दूसरी मौत है। शुक्रवार को भी एक 13 साल की बच्ची की मौत हो गई थी।



पूजा का सामान लेकर घर लौट रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, कुबेरपुर निवासी संजय जायसवाल की पत्नी चंद्रावती जायसवाल (28) शनिवार को बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव की बस्ती में एक क्रेशर से गिट्टी लोड कर आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का पहिया महिला के ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन लेकर फरार हो गया।

ग्रामीणों ने MP-CG रोड पर किया चक्काजाम
महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने सड़क ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार करमचंद जाटवर, SDOP और TI लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया है। गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर और पाठक क्रेशर में आग लगा दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को काबू में करने की कोशिश कर रही है।
ग्रामीणों की तीन मांगें
लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने तीन मांगें रखी हैं। उनकी मांग है कि बस्ती के अंदर चल रहे क्रेशर को वहां से हटाया जाए, हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर ड्राइवर को पकड़कर सामने लाया जाए और मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
ग्रामीणों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक चक्काजाम जारी रहेगा। पांच घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी प्रदर्शन जारी है।

