परिचित के घर से युवक को जबरन उठाया और रास्ते भर बेरहमी से पिटाई की…इलाज के दौरान तोड़ा दम…10 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी…

सूरजपुर// सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को घर से जबरन उठाया और रास्ते भर उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

युवक की पीट-पीटकर हत्या - Dainik Bhaskar

युवक की पीट-पीटकर हत्या

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोंदा गांव की एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि हरिनंदन नामक युवक उसके घर आया हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और हरिनंदन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले गए और रास्ते भर लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से उसकी पिटाई करते रहे।

गंभीर हालत में छोड़कर फरार हुए आरोपी

महिला की शिकायत के अनुसार, जब परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया तो वे हरिनंदन को भैसामुंडा गांव के सत्तीपारा चौक में गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। परिजन तत्काल उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

10 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस बोली- किसी आरोपी को नहीं बख्शेंगे

एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे के कारणों की भी विस्तृत जांच कर रही है।

Chhattisgarh