
बलरामपुर // बलरामपुर जिले के बसंतपुर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य अनंत कुमार यादव पर महिला सहकर्मी ने शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। महिला ने इस मामले में बसंतपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता का कहना है कि उसने पहले जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से शिकायत की थी। लेकिन उसकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
समझौते का दबाव बनाने का आरोप
महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि निष्पक्ष जांच कराने के बजाय उस पर समझौता करने का दबाव बनाया गया। उसने यह भी कहा कि विभाग के कुछ अधिकारियों ने मामले को दबाने की कोशिश की, जिससे उसे न्याय नहीं मिल सका।
पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद पीड़िता ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने प्राचार्य पर लगातार मानसिक प्रताड़ना देने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है।

कलेक्टर और एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को निष्पक्ष जांच और न्याय का आश्वासन दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
मारपीट के मामले में पहले भी दर्ज हो चुकी है एफआईआर
गौरतलब है कि हाल ही में प्राचार्य अनंत कुमार यादव के खिलाफ विद्यालय में सहकर्मियों से मारपीट के मामले में भी पुलिस एफआईआर दर्ज कर चुकी है। हालांकि, मौजूदा मामले सहित सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

