जांजगीर-चांपा// चांपा पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला और एक युवक शामिल हैं, जिन्होंने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों के जरिए 18.17 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी की रकम का लेनदेन किया गया।

पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस को समन्वय पोर्टल से जानकारी मिली थी। इसके आधार पर बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा दिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने पिंकी डडसेना (37 वर्ष), निवासी बरपालीकला, थाना नगरदा, जिला सक्ती, और सूरज जांगड़े (24 वर्ष), निवासी हसौद, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कमीशन के लालच में दिए गए बैंक खाते बन रहे साइबर अपराध का जरिया
पुलिस के अनुसार, ‘म्यूल अकाउंट’ ऐसे बैंक खाते होते हैं जिन्हें लोग कमीशन या अन्य लालच में आकर साइबर अपराधियों को इस्तेमाल के लिए दे देते हैं। इन खातों का उपयोग ठगी गई रकम को एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए किया जाता है, जिससे मुख्य अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कानून के तहत, ऐसे खाते उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति भी अपराध में सह-भागी माना जाता है।

