रायपुर : जशपुर में जन्म-मृत्यु पंजीयन के लिए नया आधार ऐप मान्य

  • फिजिकल आधार कार्ड देना अब अनिवार्य नहीं, डिजिटल पहचान भी होगी स्वीकार

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

जशपुर जिले में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुरक्षित और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब पंजीयन के दौरान यूआईडीएआई के नए आधार ऐप के माध्यम से प्रस्तुत डिजिटल पहचान को पूर्णतः वैध दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाएगा। इसके लिए आवेदकों को भौतिक आधार कार्ड या उसकी छायाप्रति अनिवार्य रूप से जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।

    जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय, जशपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के 30 अप्रैल 2026 के परिपत्र के अनुरूप नया आधार ऐप एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। यह ऐप नागरिकों की सुविधा के साथ-साथ उनकी व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

    नए आधार ऐप की प्रमुख विशेषता वेरिफिएबल क्रेडेंशियल है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी पहचान संबंधी जानकारी को आवश्यकता अनुसार पूर्ण या आंशिक रूप में डिजिटल तरीके से साझा कर सकेंगे। इस सुविधा से 12 अंकों का आधार नंबर साझा किए बिना भी पहचान का सत्यापन संभव होगा। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 तथा आधार अधिनियम, 2016 के तहत इस डिजिटल रिकॉर्ड को विधिक मान्यता प्राप्त है।

    जिला रजिस्ट्रार जन्म एवं मृत्यु द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि पंजीयन के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच एवं ऑनलाइन प्रविष्टि के दौरान यदि कोई आवेदक नए आधार ऐप के माध्यम से अपनी डिजिटल पहचान प्रस्तुत करता है, तो उसे वैध और कानूनी पहचान प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाए। ऐसे मामलों में आवेदक से भौतिक आधार कार्ड या उसकी फोटोकॉपी मांगने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

    निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भौतिक आधार कार्ड, आधार पत्र, ई-आधार, मास्क्ड ई-आधार तथा एम-आधार पूर्व की तरह पहचान के प्रमाण के रूप में मान्य रहेंगे।

    जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नागरिकों को अनावश्यक असुविधा होने की स्थिति में संबंधित रजिस्ट्रार एवं उप-रजिस्ट्रार व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। यह व्यवस्था जशपुर जिले में कागजरहित, सुरक्षित एवं पारदर्शी डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Chhattisgarh