- बाढ़, अतिवृष्टि और आपात स्थिति की सूचना तत्काल दें, जलमग्न पुल-पुलियों को पार न करने के निर्देश
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
बाढ़, अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी तथा त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने जिला एवं तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किए हैं। कलेक्टोरेट कार्यालय के संवाद कक्ष में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम संचालित किया गया है, जिसका दूरभाष क्रमांक 07817-222032 है। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी बाढ़ राहत शाखा श्री देवेन्द्र कुमार चौधरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका मोबाइल नंबर 9424164556 है।
प्रशासन ने जिले की सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित कर नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारियों की नियुक्ति की है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ किए जा सकें।
तहसील जांजगीर में नोडल अधिकारी सृजल साहू, शिवरीनारायण में चन्द्र कुमार साहू, बलौदा में अखिलेश विश्वकर्मा, अकलतरा में त्रिलोकचंद्र चतुर्वेदी, नवागढ़ में पंकज राम, चांपा में वेंकटेश मार्वल, बम्हनीडीह में संजय बरेठ तथा सारागांव में किशोर कुमार सिदार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पामगढ़ तहसील के लिए भी अलग नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका मोबाइल नंबर 8269041220 निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने नागरिकों से अपील की है कि जिन पुलों, पुलियों अथवा सड़कों पर पानी बह रहा हो, उन्हें पार करने का प्रयास न करें। नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें। किसी भी प्रकार की बाढ़, जलभराव, कटाव अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित तहसील कंट्रोल रूम या जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष को दें। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने की भी अपील की।

