अम्बिकापुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिली दिव्यांग पेंशन की सुविधा, हितग्राही ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

 अम्बिकापुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिली दिव्यांग पेंशन की सुविधा, हितग्राही ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

अम्बिकापुर (CITY HOT NEWS)//

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन की जनहितैषी नीतियां और त्वरित समाधान की व्यवस्था प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। राज्य सरकार की संवेदनशीलता और पारदर्शिता का एक प्रत्यक्ष उदाहरण सरगुजा जिले में देखने को मिला है, जहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) पर की गई एक शिकायत के बाद एक दिव्यांग नागरिक की पेंशन समस्या का त्वरित निराकरण किया गया।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बनी मददगार
सरगुजा जिले के ग्राम केसमा निवासी रमेश कुमार यादव अपनी दिव्यांग पेंशन को लेकर परेशान थे। जब उन्हें शासन की इस कल्याणकारी योजना का लाभ मिलने में कठिनाई आ रही थी, तब उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जन-समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए संचालित ’मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076’ का सहारा लिया। रमेश ने इस टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

त्वरित कार्यवाही और समाधान
शिकायत दर्ज होते ही संबंधित समाज कल्याण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इस पर तत्काल संज्ञान लिया गया। अधिकारियों ने पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रकरण की जांच की और कागजी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया। विभाग द्वारा की गई इस त्वरित और प्रभावी कार्यवाही का ही परिणाम है कि रमेश कुमार यादव की रूकी हुई दिव्यांग पेंशन तत्काल प्रभाव से स्वीकृत कर दी गई और उन्हें पेंशन की राशि प्राप्त गई है।

हितग्राही ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
रूकी हुई पेंशन शुरू होने से राहत महसूस कर रहे रमेश कुमार यादव ने राज्य सरकार और शासन की इस पारदर्शी व्यवस्था की प्रशंसा की है। अपनी खुशी और आभार व्यक्त करते हुए रमेश ने कहाः मैंने अपनी दिव्यांग पेंशन के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत की थी। मेरी शिकायत पर तुरंत सुनवाई हुई और मेरी पेंशन आ गई है। मेरा मानना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर बहुत अच्छे से काम करता है और इसमें कार्यवाही बहुत ही बेहतर तरीके से होती है। मैं इस त्वरित सहायता के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव जी को बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ।

समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम
’मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076’ न केवल आम जनता की समस्याओं के समाधान का एक सशक्त और सुलभ माध्यम बन गया है, बल्कि यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली के प्रति आम नागरिकों के विश्वास को भी निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।

Chhattisgarh