- संभाग स्तर पर स्वर्ण एवं राज्य स्तर पर रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान
- दोहरे पदक अपने नाम कर बालिकाओं ने एक बार फिर मनवाया प्रतिभा का लोहा
सूरजपुर/(CITY HOT NEWS)//
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में सुब्रतो मुखर्जी कप अंडर-17 वर्ष बालिका शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 में सूरजपुर जिले की बेटियों ने खेल के मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में सूरजपुर की टीम ने दोहरे पदक अपने नाम कर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट में कड़े मुकाबले के बीच सूरजपुर की बालिकाओं ने संभाग स्तर पर अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। संभाग स्तर पर मिली इस शानदार जीत के पश्चात टीम का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ, जहाँ बालिकाओं ने अपने विजयी अभियान को आगे बढ़ाया।
राज्य स्तर पर आयोजित कड़ी स्पर्धाओं में भी सूरजपुर की बालिकाओं का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का गौरव प्राप्त किया और सम्मानजनक रजत पदक अपने नाम किया।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती लता बैक, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी सूरजपुर श्री शरदेन्दु कुमार शुक्ल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रेमनगर श्री प्रताप सिंह पैकरा, कोच श्री रावेन्द्र वर्मा एवं टीम मैनेजर श्री विमल डुंगडुंग ने बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके समर्पण, परिश्रम एवं अनुशासन की सराहना की।

