रायपुर : बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जनसंख्या स्थिरीकरण एवं बालिका संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जनसंख्या स्थिरीकरण एवं बालिका संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
  • परिवार नियोजन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और लैंगिक समानता का दिया गया संदेश

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले के एकीकृत बाल विकास परियोजना बलौदा के सेक्टर जर्वे-बी स्थित डंगनियापारा आंगनबाड़ी केंद्र में जनसंख्या स्थिरीकरण एवं बालिकाओं के संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को परिवार नियोजन, संतुलित जनसंख्या वृद्धि, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार सहित विभिन्न बुनियादी संसाधनों पर दबाव बढ़ता है, जिससे समग्र मानव विकास प्रभावित होता है। इस अवसर पर लैंगिक समानता और छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा को अपनाने का भी आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को जनसंख्या नियंत्रण, संसाधनों के संतुलित उपयोग तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही संतुलित एवं पौष्टिक आहार, जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रभावी उपायों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, किशोरी बालिकाओं, महिलाओं तथा परियोजना के पर्यवेक्षकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

Chhattisgarh