कोरबा// कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित डेंगूनाला पुल के पास मंगलवार को कोयले से लदे ट्रेलर और बाइक की टक्कर में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक क्रमांक CG 10 CB 2635 पर तीन लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर CG 12 BG 2932 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर दो की मौत, एक की हालत नाजुक
हादसे में बाइक सवार एक युवक और एक युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पेंड्रा के निवासी थे मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक युवक और युवती बिलासपुर जिले के पेंड्रा क्षेत्र के रहने वाले थे और कोरबा में पढ़ाई कर रहे थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

ट्रेलर जब्त, जांच जारी
बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर चालक से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

