शराब पीने से रोकने पर युवक पर रॉड, ईंट और पत्थर से जानलेवा हमला…सिर में गंभीर चोट…

कोरबा// कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित पंप हाउस बस्ती में शराब पीने से रोकने पर युवक पर जानलेवा हमला किया गया। 10 से 12 युवकों ने रॉड, ईंट और पत्थर से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने से पीड़ित लहूलुहान हो गया। देर रात पीड़ित ने सीएसईबी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, योगेश श्रीवास अपने परिवार के साथ पंप हाउस बस्ती में रहता है। देर रात पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक 10 से 12 की संख्या में उनके घर के पास बैठकर शराब पी रहे थे। तेज आवाज और हंगामे के कारण घर में परेशानी हो रही थी। जब योगेश ने युवकों को वहां शराब न पीने और शोर न मचाने की समझाइश दी, तो बात बिगड़ गई।

विरोध करने पर युवक पर रॉड, ईंट और पत्थरों से हमला

शराब के नशे में धुत युवकों को योगेश का विरोध नागवार गुजरा। देखते ही देखते सभी ने योगेश पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने पास में पड़े रॉड, ईंट और पत्थर उठाकर योगेश के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। किसी तरह योगेश अपनी जान बचाकर मौके से भागा और सीधे सीएसईबी चौकी पहुंचा।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी मौके से फरार

हमले के बाद सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। योगेश की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, उसके सिर में गहरी चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

15 ब्लॉक में बढ़ रही शराबियों की गुंडागर्दी

स्थानीय लोगों का कहना है कि पंप हाउस 15 ब्लॉक क्षेत्र में शराब पीकर हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले ही 15 ब्लॉक में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

गौ तस्करी के शक में पिकअप चालक की पिटाई

कोरबा में गौ तस्करी के संदेह में पिकअप चालक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। जशपुर से घरेलू सामान लेकर आ रहे चालक को 7-8 लोगों ने सड़क पर रोककर लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर खुद को बजरंग दल से जुड़ा बता रहे थे।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित चालक सोनू शर्मा जशपुर से एक शिक्षक का घरेलू सामान लेकर कोरबा आ रहा था। शिक्षक का तबादला होने के कारण पलंग, अलमारी, बर्तन और अन्य घरेलू सामान पिकअप वाहन में लोड कर शिफ्ट किया जा रहा था।

शनिवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी के पास 7-8 लोगों ने पिकअप वाहन रुकवा लिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने वाहन की तलाशी ली और गौ तस्करी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर लाठी-डंडों से किया हमला

सोनू शर्मा के विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में उसके सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल होने के बाद आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

दो आरोपियों के नाम बताए, संगठन से जुड़ा होने का दावा

सोनू शर्मा ने अपनी शिकायत में चिंटू और सन्नी समेत अन्य लोगों के नाम बताए हैं। उसका आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर खुद को बजरंग दल से जुड़ा बता रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।

थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद घायल चालक किसी तरह सिविल लाइन थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh