सरगुजा// सरगुजा में नेशनल हाईवे-343 (अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग) पर सड़क हादसे में बाइक सवार हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। तेज रफ्तार यात्री बस ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और वे कई मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, लुचकी घाट के पास सोमवार रात करीब 8 बजे अंबिकापुर की ओर जा रही राजधानी बस ने बाइक सवार हेड कॉन्स्टेबल श्रीराम लकड़ा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद उनकी बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और वे कई मीटर तक घिसटते रहे। सिर कुचल जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ड्राइवर फरार
हादसे के बाद बस ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। अचानक हुए हादसे के कारण बस में बैठे कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाया। बाद में मृतक की पहचान हेड कॉन्स्टेबल श्रीराम लकड़ा के रूप में हुई।
पुलिस लाइन में थे पदस्थ
श्रीराम लकड़ा अंबिकापुर पुलिस लाइन में पदस्थ थे। वे गांधीनगर थाने के पीछे स्थित पुलिस क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे। रिश्तेदारों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वे ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे।
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। उन्हें लगा कि वे किसी ड्यूटी में व्यस्त होंगे।
मंगलवार सुबह पड़ोस में रहने वाले एक आरक्षक ने हादसे की सूचना दी, जिसके बाद रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। रिश्तेदारों के अनुसार, उनका पैतृक गांव रायगढ़ रोड पर बतौली के पास है।
प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला, जांच जारी
पुलिस को अभी तक हादसे का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि हेड कॉन्स्टेबल बतौली की ओर जा रहे थे या वहां से लौट रहे थे। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना सड़क के दाहिने हिस्से में हुई है।
प्रारंभिक आशंका है कि वे बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे, तभी हादसा हुआ। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

