देर रात ONC से नशे में धुत्त होकर निकला, फिर पाम मॉल की सीढ़ियों में चढ़ा दी स्कॉर्पियो…कथित ठेकेदार की दबंगई सीसीटीवी में कैद..देखे वीडियो…

  • चालक को बोलकर सीढ़ी पर चढ़वाई गाड़ी, चालक भागा, मालिक पकड़ाया,वाहन जप्त

कोरबा (सिटी हॉट न्यूज)। आधी रात एक स्कॉर्पियो के मालिक कथित ठेकेदार ने स्वयं नशा की हालत में लापरवाहीपूर्वक और खतरनाक तरीके से चालक से वाहन चलवाते हुए पाम मॉल के प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर गाड़ी चढ़वा दी। हादसे के बाद मौजूद लोगों ने चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह रुका नहीं।


घटनास्थल से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जुलाई की रात 1बजे व इसके बाद भी ओएनसी बार खुला हुआ था। पूर्व में भी कई तरह की घटित गंभीर घटनाओं और चेतावनी के बाद भी ONC बार के संचालक व कर्ताधर्ता मानने को तैयार नहीं हो रहे जिसकी वजह से नियम विरुद्ध तरीके से देर रात भी बार गुलजार रहता है। इस रात बिलासपुर का एक कथित ठेकेदार रमन सिंह ONC बार में शराब पीने गया हुआ था। वह रात करीब 1:10 बजे बार से नीचे उतरा। चूंकि उसकी गाड़ी स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 10 सीडी 0513 मॉल के सामने खड़ी थी और बारिश भी हो रही थी। गाड़ी मालिक ने वाहन में सवार चालक को गाड़ी वहीं पर लाने के लिए कहा। फिर मालिक गाड़ी में बैठा और उसके आदेश पर चालक ने मॉल की सीढ़ियों पर गाड़ी चढ़ा दी।

प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि इस दौरान जब गार्ड व अन्य लोगों ने सीढ़ी पर गाड़ी चढ़ाने को लेकर आपत्ति जताई तो गाड़ी मालिक ने कहा कि मॉल के अंदर से गाड़ी लेकर जाऊंगा। चालक को बार-बार सीढ़ी पर गाड़ी चढ़ाने के लिए कहता रहा और चालक पालन करता रहा। विरोध करने पर मालिक गाड़ी से उतरा और मौजूद सुरक्षा कर्मियों को अन्य लोगों से ही वाद- विवाद कर उलझ पड़ा। सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।


👉🏻 दर्ज की गई एफआईआर
पाम मॉल में सुरक्षा सुपरवाइजर ने पुलिस को बताया कि सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो के चालक रमन सिंह ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मॉल की सीढ़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। रोकने का प्रयास करने पर भी चालक नहीं रुका और फरार हो गया। इस घटना में अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ बड़ा हादसा भी हो सकता था। देर रात यदि वहां कोई व्यक्ति मौजूद होता तो गंभीर जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।
सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एसआई राजेश सिंह ने बताया कि सिक्युरिटी गार्ड आशीष सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी वाहन चालक के विरुध्द शून्य पर अपराध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर वाहन को जप्त करते हुए चालक को हिरासत में लेकर उसका मुलाहिजा कराया गया है। बता दें कि, घटना के बाद चालक डर के मारे भाग निकला, मालिक रमन सिंह पकड़ा गया है।

Chhattisgarh