गौरेला पेंड्रा मरवाही,(CITY HOT NEWS)//
राज्य शासन के निर्देशानुसार शिक्षा सत्र 2026-27 के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, पेंड्रा में हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों का तिलक, चंदन एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने अपने संबोधन में शिक्षा को विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों से लगन और परिश्रम के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया। समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश जलान, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।

