चिकन का भाव पूछने को लेकर हुए विवाद में मजदूर को दुकानदार ने बेटे और कर्मचारी के साथ मिलकर पीटा…

कोरबा// कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरमा में चिकन का भाव पूछने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर की कथित तौर पर डंडे से पिटाई कर दी गई। घायल मजदूर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गुरमा निवासी रासराम मंझवार रोजी-मजदूरी का काम करते हैं। वे गांव में संचालित मांगुल बंजारा की चिकन दुकान पर चिकन खरीदने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने दुकानदार से अच्छी चिकन काटकर देने की बात कही। दुकानदार ने समय लगने की बात कही, जिसके बाद रासराम ने चिकन का भाव पूछा।

कीमत को लेकर शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, दुकानदार ने चिकन का भाव 200 रुपये प्रति किलो बताया। इस पर रासराम ने कहा कि दूसरे गांव में चिकन कम कीमत पर मिल रहा है। आरोप है कि इसी बात पर दुकानदार नाराज हो गया और विवाद शुरू हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि दुकानदार ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी।

बेटे और कर्मचारी के साथ मिलकर हमला करने का आरोप

रासराम मंझवार ने आरोप लगाया है कि दुकानदार मांगुल बंजारा ने अपने बेटे राहुल बंजारा और दुकान में काम करने वाले मंदीरदास महंत को बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उनकी पिटाई की।

शिकायत के अनुसार, राहुल बंजारा ने डंडे से सिर, आंख के पास, पीठ, कमर और पैरों पर कई वार किए। हमले में रासराम की आंख के पास चोट लगी और खून निकलने लगा। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।

ग्रामीणों ने कराया बीच-बचाव

मारपीट की आवाज सुनकर आसपास मौजूद गजानंद मंझवार और फूलबाई मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद रासराम घर पहुंचे और घटना की जानकारी अपनी पत्नी गीताबाई को दी।

पुलिस ने दर्ज की FIR

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक लक्ष्मण खुंटे को सौंपी गई है।

पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है और मारपीट में इस्तेमाल किए गए डंडे की तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh