दंतेवाड़ा(CITY HOT NEWS)//
जैविक जिला दंतेवाड़ा में प्राकृतिक एवं पारंपरिक कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विकासखंड कुआकोंडा के ग्राम गढ़मिरी से ब्रह्मास्त्र, थ्रीजी दवाई ,जीवामृत मछली टॉनिक वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। जैविक कृषि से संबंधित इस उत्पाद को गांव के स्व सहायता समूह के द्वारा ही तैयार किया गया है इस अभियान के प्रथम चरण में 20 किसानों को ब्रह्मास्त्र जीवामृत मछली टॉनिक और थ्रीजी दवाई वितरित किया गया। इन जैविक उत्पादों के मूल्य के मद्देनजर प्रति किसान से मात्र 280 रुपये अंश राशि एवं जिला प्रशासन की ओर से 1000 रुपये अनुदान दिया जा रहा हैं।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल का उद्देश्य किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना है। ब्रह्मास्त्र जीवामृत मछली टॉनिक एक जैविक पोषक तत्व है, जो फसलों की वृद्धि, उत्पादन क्षमता तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक माना जाता है। इस संबंध में उप संचालक कृषि श्री सूरज पंसारी ने बताया कि आगामी दो माह के भीतर जिले के 5,000 किसानों तक ब्रह्मास्त्र जीवामृत मछली टॉनिक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने तथा जैविक खेती को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जैविक कृषि आधारित ऐसे नवाचार खेती की लागत कम करने और भूमि की उर्वरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा भी किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। दंतेवाड़ा का यह अभियान जैविक कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर, समृद्ध और सतत ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

